2010-12-23 12:09:10

इण्डोनेशियाः क्रिसमस रद्द किये जाने का ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों ने किया विरोध


इण्डोनेशिया के पश्चिमी जावा में काथलिक तथा बैपटिस्ट ख्रीस्तीय धर्मानुयायी अधिकारियों के उस निवेदन को मानने से इनकार कर रहे हैं जिसमें अधिकारियों ने सुरक्षा के चलते क्रिसमस महापर्व के उपलक्ष्य में धर्मविधिक समारोहों को न मानाये जाने का आग्रह किया है।

पश्चिमी जावा के बोगोर ज़िले स्थित सन्त जॉन बैपटिस्ट गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर बार्थोलोमेऊस वोतोसेपुत्र ने कहा है कि वे क्रिसमस के अवसर पर अपने अपने गिरजाघरों में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।

उन्होंने ऊका समाचार को बताया कि बोगोर के प्रतिशासक यानि रीजेन्ट ने उन्हें तथा क्षेत्र के अन्य पुरोहितों को पत्र लिखकर ख्रीस्त जयन्ती के धर्मविधिक समारोहों पर रोक लगाने का आग्रह किया है जहाँ पहले ही से स्थानीय अधिकारियों ने सुरक्षा की वजह से कई गिरजाघरों को बन्द कर दिया है।

धर्म और शान्ति सम्बन्धी इण्डोनेशियाई समिति के महासचिव थेओफिलेस बेला ने प्रशासनाधिकारियों का आह्वान किया है कि क्रिसमस समारोहों को रद्द करने के बजाय वे ख्रीस्तीय गिरजाघरों की सुरक्षा का आश्वासन दें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि लोग परिपक्व होंगे तथा बहुलवादी समाज का स्वागत करेंगे।

ग़ौरतलब है कि पश्चिमी जावा के बोगोर ज़िले में कई बार ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों पर रूढ़िवादी मुसलमानों ने हमले किये हैं। इस वर्ष पास्का महापर्व के समय चरमपंथियों द्वारा पुण्य बृहस्पतिवार को आक्रमण के बाद पास्का के अन्य सभी धर्मविधिक समारोहों को रोक दिया गया था तथा तब से ज़िले के प्रमुख गिरजाघर बन्द हैं।

इस बीच, इण्डोनेशिया की पुलिस का कहना है कि सम्पूर्ण देश में क्रिसमस के समय सुरक्षा हेतु 80,000 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया जा रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.