2010-12-10 12:37:48

पेरिसः ईराक में शांति कार्यों के लिये महाधर्माध्यक्ष साको को पाक्स क्रिस्टी अन्तरराष्ट्रीय पुरस्कार


ईराक में शांति एवं पुनर्मिलन की स्थापना हेतु उनके समर्पित कार्यों के लिये किरकूक के खलदेई ख्रीस्तीय महाधर्माध्यक्ष लूईस साको को पाक्स क्रिस्टी अन्तरराष्ट्रीय शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

महाधर्माध्यक्ष लूईस साको विगत कई वर्षों से युद्धरत ईराक में अल्पसंख्यक ख्रीस्तीय समुदाय को शांति, सुरक्षा एवं उसके अधिकार दिलवाने के लिये कार्य करते रहे हैं। ईराक के विभिन्न संघर्षरत दलों के बीच पुनर्मिलन के प्रयासों में भी वे अग्रणी रहे हैं।

सन् 2009 में अन्तरराष्ट्रीय काथलिक शांति संगठन पाक्स क्रिस्टी के एक शिष्ठमण्डल ने ईराक की यात्रा कर वहाँ मानवाधिकारों की स्थिति जायज़ा लिया था तथा देश में शांति एवं सुरक्षा के कार्यों को प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।

सन् 2010 का पाक्स क्रिटी शांति पुरस्कार आठ दिसम्बर को पेरिस में आयोजित एक समारोह के दौरान अर्पित किया गया। पुरस्कार समारोह में बोलते हुए महाधर्माध्यक्ष साको ने कहा, "अतीत के समान आज भी लोग विभाजनों, संघर्षों एवं युद्धों से पीड़ित हैं इसलिये आज भी स्वर्गदूतों के साथ "स्वर्ग में परमेश्वर की महिमा और पृथ्वी पर मनुष्य को शांति" का ऐलान करते रहना आवश्यक है।" उन्होंने कहा कि शांति सम्पूर्ण मानवजाति की आवश्यकता है तथा शांति में ही मनुष्य की यथार्थ आशा निहित है क्योंकि शांति के बग़ैर जीवन, स्वतंत्रता एवं प्रतिष्ठा सम्भव नहीं।

विश्व के सभी ख्रीस्तीयों से महाधर्माध्यक्ष साको ने अपील की कि वे प्रभु येसु ख्रीस्त के शांति सन्देश को आत्मसात कर लोगों के बीच शांति एवं पुनर्मिलन के सेतु बनें।








All the contents on this site are copyrighted ©.