2010-11-02 12:19:26

वाटिकन सिटीः मृत विश्वासियों के स्मृति पर्व पर चिन्तन


काथलिक कलीसिया द्वारा घोषित सब सन्तों के महापर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने मृत विश्वासियों के स्मृति पर्व पर भी चिन्तन प्रस्तुत किया।

सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में एकत्र भक्त समुदाय के साथ, देवदूत प्रार्थना से पूर्व, अपने प्रवचन में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कहा था, "सब सन्तों का महापर्व हमें स्वर्ग की ओर दृष्टि लगाने तथा भावी जीवन पर चिन्तन हेतु आमंत्रित करता है। हम ईश्वर की सन्तान हैं किन्तु जो आनेवाला है वह हम पर प्रकट नहीं हुआ है। तथापि, प्रभु, हमें इस जीवन की कठिनाईयों, अन्यायों, ग़ैरसमझदारियों एवं उत्पीड़न का सामना करने का शक्ति प्रदान करते हैं।"

काथलिक कलीसिया द्वारा दो नवम्बर को मनाये जानेवाले मृतकों के स्मृति पर्व पर चिन्तन प्रस्तुत कर सन्त पापा ने कहा, "कल हम मृत विश्वासियों की याद का दिन मनाते हैं। कब्रस्तानों की भेंट तथा उससे जुड़ी धर्मविधि हमें इस बात का स्मरण दिलाती है कि ख्रीस्तीय मृत्यु ईश्वर के साथ समीकरण की प्रक्रिया का ही अंग है।" उन्होंने कहा, "अपने प्रियजनों से बिछुड़ना कष्टदायक है किन्तु हमें भय नहीं खाना चाहिये क्योंकि मृत्यु उस बन्धन को तोड़ नहीं सकती जो हमें प्रभु ख्रीस्त में एक करता हैं।"








All the contents on this site are copyrighted ©.