2010-10-12 17:14:54

नवीन सुसमाचार प्रसार संबंधी परमधर्मपीठीय समिति की स्थापना



संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने अंतःप्रेरणा से रचित “Ubicumque et sempre” अर्थात सब जगह और सब समय नामक प्रेरितिक दस्तावेज के द्वारा नवीन सुसमाचार प्रसार संबंधी परमधर्मपीठीय समिति की स्थापना कर मान्यवर रेनातो फिशिकेला को इस समिति का पहला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस समिति की स्थापना का मूल उद्देश्य उन क्षेत्रों में सुसमाचार प्रचार करना है जहाँ पहले ईसाईयत का गहरा प्रभाव था लेकिन हाल के दशकों में वहाँ धार्मिक उदासीनता का विस्तार हो रहा है। संत पापा ने इस नवीन विभाग(समिति) की स्थापना किये जाने का विचार जून माह में व्यक्त किया था।

12 अक्तूबर को जारी प्रेरितिक दस्तावेज के संदेश में कहा गया है कि प्रभु येसु के सुसमाचार का सब जगह और सब समय प्रचार करना कलीसिया का कर्तव्य है। हाल के दशकों में विज्ञान और टेक्नोलोजी में तेज प्रगति, आर्थिक क्षेत्र में गहन बदलाव, जातियों और संस्कृतियों में सम्मिश्रण होने की तेज प्रक्रिया तथा भूमंडलीकरण के कारण लोगों में अंतर निर्भर होने की व्यापक परिस्थितियों के परिणामस्वरूप अनेक सामाजिक परिवर्तन हुए हैं। इन परिवर्तनों से मानवजाति को लाभ मिला है लेकिन इसके साथ ही दिव्यता के भाव का ह्रास हुआ है जो चिंताजनक है। दस्तावेज में जोर दिया गया है कि बढ़ती चुनौतियों का सामना करने के लिए केवल नवीन सुसमाचार प्रसार ही सुदृढ़ विश्वास को सुनिश्चित कर सकता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.