2010-08-25 12:49:53

वाटिकन सिटीः यहूदी काथलिक वार्ता के प्रवर्तक नेता के निधन पर सन्त पापा का शोक


सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने इटली स्थित लिवोरने के काथलिक धर्माध्यक्ष अलबेर्तो ओबलोन्दी के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। शनिवार को 85 वर्षीय सेवानिवृत्त धर्माध्यक्ष ओबलोन्दी का देहान्त हो गया था।
धर्माध्यक्ष अलबेर्तो ओबलोन्दी यहूदी काथलिक वार्ता के प्रवर्तक थे तथा अन्य ख्रीस्तीय सम्प्रदायों के साथ भी उन्होंने एकतावर्द्धक वार्ताओं की पहल की थी।
लिवोरनो के काथलिक धर्माध्यक्ष सिमोन जूस्ती के नाम सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की ओर से एक तार सन्देश प्रेषित कर वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने ने कहा कि सन्त पापा उस "शोक में आध्यात्मिक रूप से शामिल हैं" जिसमें धर्मप्रान्तीय समुदाय इस समय डूबा है।
उन्होंने लिखा, "ख्रीस्तीयों के बीच एकता की स्थापना हेतु तथा बाईबिल प्रेरिताई के प्रति धर्माध्यक्ष के समर्पण एवं उनकी उदार प्रेरिताई का स्मरण करते हुए सन्त पापा दिवंगत आत्मा की चिर शांति हेतु प्रभु से आर्त याचना करते तथा उन्हें धन्य कुँवारी मरियम की ममतामयी मध्यस्थता के सिपुर्द करते हैं।"
धर्माध्यक्ष अलबेर्तो ओबलोन्दी का जन्म इटली के मिलान शहर में सन् 1924 ई. में तथा पुरोहिताभिषेक सन् 1947 ई. में हुआ था। तीस वर्षों तक आप लिवोरनो के धर्माध्यक्ष पद पर बने रहे थे। इस दरम्यान आप इताली धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उपाध्यक्ष, ख्रीस्तीयों के बीच एकता हेतु गठित परमधर्मपीठीय समिति एवं बाईबिल प्रेरिताई सम्बन्धी वर्ल्ड काथलिक फेडरेशन के सदस्य तथा यूरोप की यूनाईटेड बाईबिल सोसाईटी के उपाध्यक्ष थे।







All the contents on this site are copyrighted ©.