2010-07-22 17:29:53

आत्महत्या प्रयास के बाद काथलिक विद्यालय में तोड़ फोड़


भारत के मध्यप्रदेश राज्य में जबलपुर स्थित संत गार्बियल सेकेन्डरी विद्यालय में 21 जुलाई को एक विद्यार्थी ने आत्महत्या करने के प्रयास में अपनी टाँग तोड़ दी। इसके बाद लगभग 150 हिन्दु कार्यकर्ताओं ने विद्यालय में तोड़ फोड़ मचाया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर भीड़ को विद्यालय में और अधिक तोड़फोड़ करने से रोका। घटना के बारे में बताया गया है कि जब प्रधानाध्यापक ने 11 वीं कक्षा के एक विद्यार्थी को क्लास के बोर्ड के समीप सड़े अंडे लगाने संबंधी हरकत के बारे में जानकारी पाने के लिए बुलाया तो उसने प्रथम मंजिल की खिड़की से छलाँग लगा दी जिससे उसकी टाँग टूट गयी। उसकी जान को कोई खतरा नहीं है।

प्रधानाचार्य़ ब्रदर जोय जोसेफ ने कहा कि हिन्दु समूहों द्वारा अपनी सामाजिक राजनैतिक हैसियत को दिखाने के लिए राज्य भर में ईसाई विद्यालय़ों को आसान निशाना बनाया जाता है।

जबलपुर के धर्माध्यक्ष जेकब अलमेडा ने उक्त हमले की निन्दा करते हुए कहा कि छोटे छोटे कारणों के आधार पर हिन्दू समूह बहुधा ईसाई विद्यालयों पर हमला करते तथा सम्पत्ति को नुकसान पहुँचाते हैं। मसीही विद्यालय राज्य में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से इस प्रकार के हमलों पर रोक लगाने का आग्रह किया। कलीसियाई सूत्रों के अनुसार सन 2003 से लेकर अबतक ईसाईयों और ईसाई संस्थानों के खिलाफ राज्य में 150 से अधिक हिंसक घटनाएँ हुई हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.