2010-07-13 13:31:57

यू.के.: भारत के आठ राज्यों में अफ्रीका से अधिक ग़रीबी


बी.बी.सी द्वारा प्रकाशित एक समाचार के अनुसार भारत के आठ राज्यों में अफ्रीका के 26 देशों से अधिक ग़रीबी है।
विश्वव्यापी निर्धनता के नये मापदण्ड प्रस्तुत करनेवाली मल्टीडायमेन्शनल पावर्टी इंडेक्स (एमपीआई) नामक संस्था का हवाला देकर बी.बी.सी. ने उक्त समाचर प्रकाशित किया। संस्था की रिपोर्ट इस सप्ताह लंदन में सार्वजनिक की जायेगी।
उक्त संस्था के विशेषज्ञों द्वारा तैयार रिपोर्ट के अनुसार भारत के बिहार, झारखंड, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और पश्चिम बंगाल राज्यों में 42 करोड़ 10 लाख लोग निर्धन हैं जो अफ़्रीक़ा के 26 निर्धनतम देशों में ग़रीबों की संख्या से अधिक है जहाँ 41 करोड़ लोग ग़रीब हैं।
ऑक्सफोर्ड पावर्टी एण्ड ह्यमन डिवेलपमेन्ट इनिशियेटिव की निर्देशक डॉ. सबीना आल्कीरे ने कहा कि "एमपीआई एक बहुत ही अधिक साफ़ तस्वीर लेनेवाला लेंस है जिससे निर्धनतम परिवारों के समक्ष प्रस्तुत विभिन्न चुनौतियों को देखा जा सकता है।"
एमपीआई माप बनानेवाले विशेषज्ञों का कहना है कि नये मापदण्ड प्रस्तुत करनेवाली उक्त रिपोर्ट में निर्धनता का सामना करनेवाले लोगों की एक बहुआयामी तस्वीर को समझा जा सकता है तथा विकास संसाधनों का और अधिक प्रभावशाली उपयोग हो सकता है। रिपोर्ट में एक सामान्य परिवार के समक्ष आनेवाली कठिनाइयों का लेखा-जोखा है जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, संपत्ति और उपलब्ध सुविधाएँ एवं सेवाएँ शामिल हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.