2010-07-07 12:33:00

चीनः भूमिगत निंगज़िया धर्मप्रान्त के एक पुरोहित एवं एक धर्मबहन की हत्या


आन्तरिक मंगोलिया में भूमिगत निंगज़िया धर्मप्रान्त के पुरोहित फादर जोसफ शुलाय झांग तथा धर्मबहन सि. मेरी वेई यानहुई की पाँच जुलाई की रात्रि उनके कक्षों में हत्या कर दी गई। दोनों धर्मसंघी स्थानीय कलीसिया द्वारा संचालित एक वृद्धाश्रम में सेवारत थे।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार छः जुलाई की सुबह जब उन्होंने पुरोहित एवं धर्मबहन को ख्रीस्तयाग में अनुपस्थित पाया तब उनके कक्षों में जाकर देखा जहाँ उनके रक्तरंजित शव पड़े थे। बताया जाता है कि दोनों की हत्या छुरा घोप कर की गई। फादर जोसफ के शव पर सात गहरे घाव हैं जबकि सि. मेरी के वक्ष पर एक घातक वार किया गया। पुलिस में हत्या का मामला दर्ज़ कर दिया गया है जिसने कलीसियाई निवास तथा वृद्धाश्रम के आस पास घेराबन्दी कर दी है।
32 वर्षीया सि. मेरी वेई आन्तरिक मंगोलिया की मूल निवासी थीं तथा सन् 2001 से 60 वृद्धों की सेवा में संलग्न उक्त आश्रम की निर्देशिका थीं। जबकि 55 वर्षीय फादर जोसफ चीन के हेबेई प्रान्त स्थित ज़ियांग ज़ियांग धर्मप्रान्त के पुरोहित थे, उनका अभिषेक सन् 1985 में हुआ था।
ग़ौरतलब है कि चीनी देशभक्त कलीसिया में पंजीकृत नहीं होनेवाले काथलिकों को भूमिगत रूप से अपने धर्म का पालन करना पड़ता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.