2010-07-02 18:18:33

पाकिस्तान में आत्मघाती बम विस्फोट की घटना में मारे गये लोगों के लिए प्रार्थनाएँ अर्पित की गयीं


पाकिस्तान के लाहौर में आत्मघाती बम विस्फोट की घटना में मारे गये 42 लोगों की आत्मा शांति के लिए कलीसियाई नेताओं ने प्रार्थनाएँ अर्पित किया है। पाकिस्तान में कलीसियाई नेताओं ने दाता दरबार सूफी तीर्थालय में गुरूवार को हुए आत्मघाती बम विस्फोट की निन्दा की है जिसमें कम से कम 42 श्रद्धालु मारे गये और 200 लोग घायल हो गये। लाहौर के गिरजाघरों में पीडितों के लिए प्रार्थनाएँ अर्पित की गयी। लाहौर में विकर जेनरल फादर एन्डू निसार ने उकान समाचार सेवा को बताया कि संध्याकाल की प्रार्थनाएँ शांति स्थापना और घटना के शिकार हुए लोगों के लिए चढायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि अधिकांश मजदूर और निर्धन लोग प्रार्थना करने के लिए तीर्थालयों में आते हैं।

फादर निसार ने प्रार्थना स्थलों को निशाना बनाये जाने को बुरा और घोर क्रूरता की संज्ञा दी तथा शांति बनाये रखने के लिए सरकार से अपने प्रयासों को गति प्रदान करने का आग्रह किया। पाकिस्तान चर्च के संयोजक आंगलिकन धर्माध्यक्ष अलेकजान्डर जोन मलिक ने भी हिंसा की निन्दा की है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाना गलत है। आतंकवाद के खिलाफ सब देशवासी मिलकर खड़े हैं तथा घटना के शिकार हुए लोगों और उनके परिजनों के लिए प्रार्थना करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.