2010-04-09 14:43:15

जोहानेसबर्ग के महाधर्माध्यक्ष द्वारा अफ्रीकन अपकीर्ति की चेतावनी


अफ्रीका में जोहानेसबर्ग के महाधर्माध्यक्ष बुटी तिलहागाले ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अफ्रीका में पुरोहितों द्वारा किये गये दुर्व्यवहार को उसी तरह प्रकाशित नहीं किया गया है जैसा कि मीडिया ने विश्व के अन्य भागों में किया है। उन्होंने क्रिसम ख्रीस्तयाग के अवसर पर प्रवचन करते हुए कहा कि हम जिस सुसमाचार की उदघोषणा करने का दावा करते हैं वह कितना खाली तथा अर्थहीन प्रतीत होता है जब हम इसकी तुलना अपने नकारात्मक नैतिक व्यवहार से करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ पुरोहितों के बुरे व्यवहार के कारण काथलिक कलीसिया की छवि धूमिल हुई है। वे धीरे-धीरे ईश्वर की कलीसिया का विनाश करने पर तुले हैं तथा लोकधर्मी विश्वासियों के विश्वास को कम कर रहे हैं। उन्होंने कहा यह विरोधाभासी है कि बुलाहटों के प्रसार में पुरोहित ही बाधक बन रहे हैं। कलीसिया की आधिकारिक पुकार कमजोर पड़ रही है तथा कलीसिया के नेता के रूप में हम अपने समुदाय के सदस्यों के भ्रष्ट और अनैतिक व्यवहारों की आलोचना करने में असमर्थ हैं। नागर अधिकारियों के लालच और भ्रष्ट आचरणों की आलोचना करने में हम झिझकते हैं तथा नैतिक दुविधा की स्थिति का सामना कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन देने में असमर्थ हो रहे हैं। यह जरूरी है कि संत फ्रांसिस के समान ही हम कलीसिया की छवि के पुर्ननिर्माण में जुड़ जायें। आत्मनिरीक्षण करते हुए इसी पथ पर चलें जिससे कलीसिया तथा पुरोहितों के लिए लोगों में भरोसा और सम्मान की पुनः रचना कर सकें।








All the contents on this site are copyrighted ©.