2010-04-05 19:29:40

चर्च और पोप पर हमले की तुलना 'सामूहिक नरसंहार' से करना केंटालामेसान के निजी विचार - वाटिकन


वाटिकन सिटी, 5 अप्रैल, सोमवार 2010 (बीबीसी)। वाटिकन ने कहा है कि पादरी केंटालामेसान के विचार चर्च, पोप पर हमले की तुलना 'सामूहिक नरसंहार' से करना उनके निजी विचार हैं और इसे वेटिकन का औपचारिक बयान नहीं माना जाना चाहिए।
विदित हो कि पर संत पापा बेनेदिक्त के एक निजी उपदेशक केंटालामेसान ने जर्मन चर्च के द्वारा पोप पर हो रहे हमलों की तुलना यहूदियों के ख़िलाफ़ हुए ‘सामूहिक नरसंहार’ से कर डाली थी।
इस टिप्पणी की कई मंचों से कड़ी आलोचना हुई थी। जहाँ जर्मनी से यहूदियों के केंद्रीय परिषद ने इस टिप्पणी को आक्रामक बताया है वहीं यौन शोषण के शिकार लोगों के एक अमरीकी समूह ने उपदेश के दौरान की गई ऐसी टिप्पणियों को ग़ैर-ज़िम्मेदाराना बताया है.
उल्लेखनीय है पिछले तीन महीनों में जर्मनी में ढाई सौ से ज़्यादा लोगों ने खुलकर शिकायत की है कि 1950 के दशक से लेकर पिछले दशक तक की अवधि में पादरियों ने उनका यौन शोषण किया था।
सर्वोच्च कैथोलिक धर्मगुरू पोप बेनेदिक्त पर भी आरोप है कि म्यूनिख़ का आर्चबिशप रहने के दौरान उन्होंने यौन शोषण की शिकायतों की न तो पूरी जाँच-पड़ताल कराई और न ही आरोपों से घिरे पादरियों पर कोई कार्रवाई की।
ग़रतलब है कि पोप ने अपनी जन्मभूमि में एक बड़े मुद्दे का रूप ले चुके चर्च यौन कांड पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।
उधर शुक्रवार को पूरे जर्मनी के गिरजाघरों में चर्च पदाधिकारियों के हाथों यौन शोषण का शिकार बने लोगों के लिए विशेष प्रार्थना सभाएँ आयोजित की गई थीं।
श्रद्धालुओं के विश्वास को क़ायम रखने के लिए चर्च ने मंगलवार को पादरियों के हाथों यौन शोषण का शिकार बने लोगों के लिए एक विशेष हॉटलाइन की शुरुआत भी की। स्थानीय ख़बरों के अनुसार शुरू के कुछ घंटों में हॉटलाइन पर 4000 से ज़्यादा लोगों ने संपर्क किया।





















All the contents on this site are copyrighted ©.