2010-03-17 12:24:46

जापानः हिरोशिमा एवं नागासाकी के धर्माध्यक्षों ने परमाणु अस्त्रों के उन्मूलन का आह्वान किया


जापान के दो काथलिक धर्माध्यक्षों ने जापान, अमरीका तथा विश्व की सरकारों का आह्वान किया है कि वे विश्व को परमाणु अस्त्रों से मुक्त करें।

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान एटम बम का कोप सह चुके नागासाकी एवं हिरोशिमा के काथलिक धर्माध्यक्षों ने विगत दिनों उक्त अपील जारी की।

नागासाकी के महाधर्माध्यक्ष मितस्वाकी ताकामी तथा हिरोशिमा के धर्माध्यक्ष अस्तुमी मिसु ने लिखाः "पाप की ज़िम्मेदारी केवल अमरीका की नहीं है जिसने एटम बम गिराये थे किन्तु जापान सहित अन्यों देशों की भी है जो अपने इतिहास के अन्तराल में युद्ध छेड़ते रहे हैं। इस सन्दर्भ में, अतीत पर चिन्तन करते हुए, हम भविष्य के लिये अपने सामान्य लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहते हैं जो परमाणु अस्त्रों का उन्मूलन एवं युद्ध रहित विश्व की निर्माण है।"

धर्माध्यक्षों ने अपनी अपील में इस बात की ओर ध्यान आकर्षित कराया कि इस समय विश्व में बीस हज़ार से अधिक परमाणु अस्त्र हैं।

आगामी अप्रैल माह के लिये निर्धारित परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन तथा मई माह में परमाणु अप्रसार संधि के पुनरावलोकन हेतु तय सम्मेलन की पृष्टभूमि में जापान के धर्माध्यक्षों ने आशा व्यक्त की है कि विश्व के नेता, अपने स्वार्थों का परित्याग कर, परमाणु अस्त्रों के उन्मूलन की दिशा में ठोस कदम उठायेंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.