2010-03-05 15:41:00

महिलाओं के लिए शिक्षा की व्यवस्था करें


(सागर,मध्यप्रदेश 4 मार्च उकान) महिलाओं की शिक्षा का प्रसार करने के लिए भारत के मध्यप्रदेश स्थित सागर में 4 मार्च को आयोजित रैली में 200 गरीब और निरक्षर महिलाओं ने भाग लिया। रैली का आयोजन करनेवाली सिस्टर्स औफ जीजस धर्मसमाज की धर्मबहन सिस्टर विनया थोमस ने कहा कि यदि महिलाएँ शिक्षित हैं तो देश की अनेक समस्याओं का समाधान पाया जा सकता है।


रैली के बाद उकान समाचार से बात करते हुए धर्मबहन थोमस ने कहा कि महिलाएँ परिवार की मार्गदर्शिकाएँ हैं इसलिए समाज और देश को मजबूत करने के लिए महिलाओं की शिक्षा अपरिहार्य है। रैली के अंत में महिलाओं ने लघु नाटिका और नाच प्रस्तुत किया। कन्या भ्रूण हत्या विषय पर दिखाये गये एक नाटक में परिवार और समाज में कन्या के महत्व को रेखांकित किया गया।

सिस्टर्स औफ जीजस धर्मसमाज की सहायक सुपीरियर जेनरल सिस्टर एलिस जेकब ने महिलाओं से समूह बनाकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब आप अकेले सरकारी कार्यालयों में जाती हैं तो संभव है कि आपको आपका अधिकार देने से इंकार कर दिया जा सकता है लेकिन यदि आप समूह में जाती हैं तो आप वह पा सकती हैं जो आपका है। सिस्टर थोमस ने कहा कि उनका धर्मसमाज महिलाओं की मदद करने के लिए काम कर रहा है ताकि वे मर्यादापूर्ण जीवन जी सकें।








All the contents on this site are copyrighted ©.