2010-03-01 14:31:47

संत पापा बेनेदिक्त सोलहवें ने भूकम्प पीड़ितों के लिये प्रार्थनायें कीं


वाटिकन सिटी, 1 मार्च, 2010 सोमवार ( ज़ेनित): संत पापा बेनेदिक्त सोलहवें ने चिली में शनिवार 27 फरवरी को आये भीषण भूकम्प से पीड़ित लोगों के लिये प्रार्थनायें कीं।

संत पापा ने 28 फरवरी को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रांगण में रविवारीय देवदूत प्रार्थना के लिये एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वे भूकम्प से पीड़ित लोगों के लिये ईश्वर से प्रार्थना करते हैं तथा आध्यात्मिक रूप से चिली वासियों के साथ हैं।

उन्होंने यह भी कहा उनका पूरा विश्वास है कि काथलिक कलीसिया के कई संगठन भूकम्प पीड़ितों की मदद के लिये सामने आयेंगे।

संत पापा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस प्राकृतिक संकट के समय ईश्वर चिलीवासियों को साहस और बल प्रदान करे।
विदित हो कि अब चिली में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 708 हो गई है। इसमें और बढ़ोतरी होने की आशंका है। इससे पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि शनिवार को आए भूकंप में करीब 300 लोग मारे गए हैं। इस भूकंप की तीव्रता 8.8 मापी गई थी।
राष्ट्रपति मिचेल बेकचैलेट ने पत्रकारों को बताया, “स्थिति भयावह है। बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। गमुशुदा लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।”
उन्होंने बताया कि भूकंप से बीस लाख लोग प्रभावित हुए हैं। भूकंप के बाद चिली में बड़ी संख्या में लोगों ने पहली रात घरों के बाहर ही गुज़ारी क्योंकि वे अंदर जाने से डर रहे थे।
कॉन्सेप्सिऑन शहर में सबसे ज़्यादा तबाही हुई है। पुलिस ने एक सुपरमार्केट में लूटपाट को रोकने के लिए आँसू गैस छोड़ी। पुलिस के साथ झड़पों के बाद शहर में रात का कर्फ़्यू लगाया जाएगा।
शहर के मेयर ने कहा कि खाने की चीज़ें ख़त्म हो रही हैं और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। पुलिस की मदद के लिए अब सेना को भेजा गया है।
भूकंप का केंद्र कॉन्सेप्सियॉन से करीब 115 किलोमीटर की दूरी पर था।
अधिकारियों का कहना है कि कॉन्सेप्सिऑन शहर में 25 लोगों को एक इमारत से सुरक्षित निकाला गया है लेकिन अब भी कई लोग मल्बे के अंदर फँसे हुए हैं।







































All the contents on this site are copyrighted ©.