2010-02-24 12:07:54

इटलीः दो लाख भक्तों ने सन्त अन्तोनी के अवशेषों पर श्रद्धा अर्पित की


इटली के पादुआ नगर में विगत सप्ताह 12 वीं शताब्दी के सन्त अन्तोनी के अवशेषों का प्रदर्शन किया गया जिसके दर्शन के लिये दो लाख से अधिक श्रद्धालु उपस्थित हुए।

वाटिकन रेडियो से बातचीत में पादुआ महाधर्मप्रान्त के प्रतिधर्माध्यक्ष पाओलो दोनी ने कहा कि यह सचमुच आश्चर्य की बात है कि दर्शार्थियों ने यह महसूस किया कि वे सन्त अन्तोनी के अस्थि –पंजर या उनके कंकाल को नहीं अपितु स्वयं सन्त अन्तोनी को जीवित देख रहे थे।

ग़ौरतलब है कि इस माह बुधवारीय आम दर्शन समारोह के दौरान सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने भी कहा था कि असीसी के सन्त फ्राँसिस के अनुयायी पादुआ के सन्त अन्तोनी काथलिक कलीसिया के अति लोकप्रिय सन्तों में से एक हैं जिनकी भक्ति न केवल इटली में अपितु सम्पूर्ण विश्व में की जाती है।

पादुआ के सन्त अन्तोनी का जन्म 1195 ई. में तथा निधन 1231 ई. में हो गया था। निधन के तीस वर्ष बाद जब उनकी कब्र खोदी गई थी तब उनका समस्त शरीर मिट्टी में मिल चुका था तथापि उनकी जिव्हा ज्यों कि त्यों ताज़ी थी जिसे सुसमाचार प्रचार हेतु सन्त को मिले वरदान का प्रतीक माना जाता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.