2010-02-12 17:30:14

ईटानगर के धर्माध्यक्ष जोन थोमस ने 12 स्कूली छात्रों की मृत्यु पर गहन शोक व्यक्त किया


भारत में अरूणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर से 200 किलोमीटर दूर पालिन स्थित एक स्कूल हास्टेल में 10 फरवरी की रात्रि आग लग जाने से 12 स्कूली छात्रों की मृत्यु हो गयी। बताया गया है कि पालिन स्थित डोन बोस्को स्कूल में पढ़नेवाले छात्र एक निजी छात्रावास में रहते थे। ईटानगर के धर्माध्यक्ष जोन थोमस ने निर्दोष बच्चों की मृत्यु पर गहन शोक और दुःख प्रकट किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बच्चों की मृत्यु हो गयी वे चर्च द्वारा संचालित विद्यालय में अध्ययन कर रहे थे लेकिन अग्निकांड से प्रभावित होस्टेल के प्रबंधन और संचालन से विद्यालय य़ा पल्ली का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि स्कूलों या पल्लियों के समीप निजी व्यक्तियों द्वारा होस्टेल चलाये जाते हैं, यह सामान्य बात है। अनेक कलीसियाई नेताओं ने स्कूली बच्चों की मृत्यु पर गहन शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना में मारे गये बच्चों और उनके परिजनों के लिए ख्रीस्तीय समुदाय विशेष प्रार्थना अर्पित कर रहा है।







All the contents on this site are copyrighted ©.