2009-12-02 12:11:38

फोर्ट कोलिन्स, कोलोराडोः फातिमा का सन्देश युगयुगान्तर के लिये, नई फिल्म द्वारा इस तथ्य की पुष्टि


अमरीका के कोलोराडो प्रान्त के फोर्ट कोलिन्स में बुधवार को फातिमा की रानी मरियम द्वारा दिये दर्शनों पर निर्मित एक नई फिल्म का विमोचन किया गया जिसमें इस तथ्य की पुष्टि हुई है कि पुर्तगाल के तीन बच्चों को सन् 1917 ई. में मरियम दर्शनों के समय मिला सन्देश युगयुगान्तर के लिये है।

"द थटीन्थ डे" शीर्षक से निर्मित इस फिल्म को पुर्तगाल एवं ब्रिटेन में फिल्माया गया है। फिल्म सिस्टर लूसिया के संस्मरण में लिखी घटनाओं एवं हज़ारों चश्मदीद गवाहों के वृत्तान्तों पर आधारित है। सि. लूसिया पुर्तगाल के फातिमा नगर के उन तीन बच्चों में से एक थीं जिन्हें सन् 1917 ई. में मरियम ने कई बार दर्शन दिये थे।

उत्तरी अमरीका की फिल्म वितरण कम्पनी इगनेशियस प्रेस के मार्केटिंग निदेशक एन्थनी रायन ने बताया कि उक्त फिल्म मनोरंजन, धर्मशिक्षा एवं सुसमाचार उदघोषणा का सम्मिलन है। उन्होंने कहा कि आज के सांस्कृतिक दौर में यह अन्तःकरणों को जगाने के लिये एक आह्वान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि "द थटीन्थ डे" ऐसी फिल्म है जो, आज भी समसामयिक एवं प्रासंगिक, मरियम की प्रतिज्ञाओं की शक्ति का सन्देश देती है।

ग़ौरतलब है कि आगामी मई माह में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की पुर्तगाल यात्रा तय है और इसी की पृष्टभूमि में इस फिल्म का निर्माण किया गया है। इगनेशियस प्रेस के महानिदेशक मार्क ब्रूमली ने इस सन्दर्भ में कहा कि सन्त पापा की आगामी पुर्तगाल यात्रा फातिमा की रानी मरियम के अनवरत बरकरार महत्व को रेखांकित करती है।









All the contents on this site are copyrighted ©.