2009-10-22 16:24:46

मुसलमान नेताओं नें काथलिक पुरोहित के रिहाई की अपील की


फिलिपीन्स में मुसलमान नेताओं नें एक काथलिक पुरोहित के अपहरण की भर्त्सना करते हुए इस कार्य़ को इस्लाम और ईसाईयत के मूल्यों के खिलाफ कहा है। आयरलैंड से आये कोलुमबान पुरोहित फादर मिखायल सिन्नोत जो फिलीपिन्स में 40 वर्षों से सेवारत रहे हैं उनका पगादियन सिटी स्थित घर से 11 अक्तूबर को अपहरण कर लिया गया। 79 वर्षीय पुरोहित की हालत नाजुक है और जुलाई माह में उनके दिल की शल्यचिकित्सा किये जाने के बाद उन्हें निरंतर दवा लेने की जरूरत है। फिलीपीन्स की सरकार ने एक इस्लामिक विद्रोही समूह, मोरो इस्लामिक लिबरेशन फ्रंट से अपहर्त पुरोहित को खोजने में उनकी सहायता करने की अपील की है। इस बीच फिलीपीन्स में मुसलमान नेताओं के निकाय नेशनल उलेमा कांफ्रेंस ओफ द फिलीपीन्स ने पुरोहित को रिहा किये जाने की अपील की है। एशिया समाचार सेवा ने बताया कि अपील में इस कृत्य को इस्लाम ईसाईयत और अन्य धर्मों के सिद्धान्तों के प्रतिकूल कहा गया है। नेताओं ने ईसाईयों और मुसलम्नों को बीच विभाजन लाने के लिए मीडिया द्वारा इस्लाम का शोषण करने की भर्त्सना की है। संत पापा बेनेडिकट 16 वें ने भी रविवार 18 अक्तूबर को विश्व मिशन रविवार दिवस के दिन भी अपने संदेश में फादर सिनोत्त का विशेष उल्लेख किया था। संत पापा ने सब मिशनरियों का स्मरण किया था जो संसार में सुसमाचार लाने के लिए कठिनाईयाँ और तकलीफें झेलते तथा सतावट का सामना करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.