2009-10-14 12:51:25

वाटिकन सिटीः धर्माध्यक्षीय धर्मसभा को एफ.ए.ओ. के महानिदेशक का सम्बोधन


संयुक्त राष्ट्र संघीय खाद्य एवं कृषि संगठन के महानिदेशक जैक ड्यूफ ने वाटिकन में पाँच से 25 अक्तूबर तक अफ्रीका के लिये जारी धर्माध्यक्षीय धर्मसभा को सोमवार को सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन में श्री जैक ड्यूफ ने अफ्रीका में व्याप्त गम्भीर खाद्य स्थिति पर गहन चिन्ता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यद्यपि अफ्रीका के कुछेक देशों में विकास के संकेत देखे गये तथापि सम्पूर्ण महाद्वीप में खाद्य असुरक्षा व्याप्त है। हालिया आँकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि महाद्वीप की 24 प्रतिशत जनता अर्थात 27 करोड़ दस लाख लोग कुपोषण के शिकार हैं। इसके अतिरिक्त अफ्रीका के 20 देश विश्व के उन 30 देशों की सूची में आते हैं जहाँ खाद्य संकट छाया हुआ है।

विश्व खाद्य एवं कृषि संगठन के महानिदेशक जैक ड्यूफ के अनुसार महाद्वीप को आज अपने कृषि उत्पादन के लिये विकसित टैकनॉलोजी की नितान्त आवश्यकता है। इसके साथ ही खाद्य उत्पादन की गुणवत्ता को बरकरार रखने के लिये उपयुक्त संरचनाएँ अनिवार्य हैं।

श्री जैक ड्यूफ ने कहा कि अफ्रीका में खाद्य समस्या को तब ही सुलझाया जा सकेगा जब उसे पर्याप्त आर्थिक मदद दी जायेगी जिसके लिये उन्होंने अफ्रीकी देशों के राजनीतिज्ञों में दृढ़ संकल्प का होना अपरिहार्य बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञों को यह स्पष्ट करना होगा कि वे कृषि विकास एवं खाद्य सुरक्षा को चुनते हैं या फिर आर्थिक मदद का उपयोग और किसी अन्य विकल्प के लिये करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.