2009-10-06 12:17:34

ईराकः किरकूक में एक ईसाई नर्स की हत्या, महाधर्माध्यक्ष साको के अनुसार स्थिति चिन्ताजनक


ईराक के किरकूक नगर में तीन अक्तूबर को अपहृत 55 वर्षीय ईसाई स्वास्थ्य सेवक ईमाद अब्दुल करीम को मृत पाया गया। स्थानीय सूत्रों ने एशिया समाचार को बताया कि सोमवार को पुलिस ने अब्दुल करीम को सड़क पर मरा हुआ पाया। उनके शरीर पर यातनाओं के गहरे निशान पाये गये हैं। बताया गया कि जिस सड़क पर अब्दुल करीम का शव पाया गया उसी सड़क पर कुछ समय पहले नगर के एक ख्रीस्तीय अधिकारी एवं दो महिलाओं के मृत शव पाये गये थे।

किरकूक के काथलिक महाधर्माध्यक्ष लूईस साको ने नगर में सुरक्षा की स्थिति पर गहन चिन्ता व्यक्त की है। समाचारों के अनुसार महाधर्माध्यक्ष ने रविवार को ही अधिकारियों एवं स्थानीय अख़बारों के जरिये अब्दुल करीम को रिहा किये जाने की अपील की थी किन्तु इसके बदले में अब्दुल करीम के शव को सड़क पर पडा पाया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार अब्दुल करीम का अपहरण तीन अक्तूबर की सन्ध्या उस समय किया गया जब वे अपना काम समाप्त कर कार से घर लौट रहे थे। तीन बन्दूकधारियों ने गोलियों की बौछार कर करीम का अपहरण कर लिया था। गोलीचालन में कुछ व्यक्तियों के घायल होने की भी खबरें मिली हैं।

इस वर्ष के आरम्भ से अब तक ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों पर हुए हमलों, अपहरणों एवं हत्याओं के मद्देनज़र महाधर्माध्यक्ष साको ने अधिकारियों से मांग की है कि वह ईराक के अल्पसंख्यकों को सुरक्षा प्रदान करने के लिये कारगर कदम उठायें।









All the contents on this site are copyrighted ©.