2009-08-11 12:02:23

तेहरानः ईरान में गिरफ्तार स्त्री पुरुषों से यौन दुर्व्यवहार


ईरान के विपक्षी नेता मेहंदी करौबी ने आरोप लगाया है कि गत 12 जून को हुए विवादास्पद राष्ट्रपति चुनाव के बाद देश में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान जिन महिलाओं व बच्चों को गिरफ्तार किया गया था, हिरासत में उनके साथ यौन दुर्व्यवहार हो रहा है।
ईरान सरकार पर यह आरोप राष्ट्रपति पद के पराजित उम्मीदवार मेहंदी करौबी ने लगाया है। देश के पूर्व राष्ट्रपति और प्रभावशाली मौलवी अकबर हाशमी रफसंजानी को लिखे पत्र में करौबी ने कहा है, 'सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कई कैदियों का कहना है कि हिरासत में कुछ महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया तथा बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। यौन दुर्व्यवहार के बाद वे अवसाद व गंभीर मानसिक और शारीरिक रोगों से ग्रस्त हैं।' उन्होंने रफसंजानी से मामले की जांच पड़ताल का आग्रह किया है।
राष्ट्रपति चुनाव में अहमदीनेजाद की जीत के बाद विपक्ष का समर्थन करने वाले करीब दो हजार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इनमें से अधिकांश को रिहा कर दिया गया है लेकिन, दो सौ लोग अब भी जेल में बंद हैं, जिनमें से कुछ पर मुकदमा चलाया जा रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.