2009-08-06 15:56:13

हिरोशिमा के नगराध्यक्ष द्वारा सन 2020 तक विश्व को परमाणु हथियारों से मुक्त किये जाने का आग्रह


जापान में हिरोशिमा के नगराध्यक्ष ने सन 2020 तक विश्व को परमाणु हथियारों से मुक्त किये जाने का आह्वान किया है। जापान के प्रधानमंत्री तारो असो और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हिरोशिमा के नगराध्यक्ष तादाकोसी अकीबा ने कहा कि परमाणु हथियारों को समाप्त किया जाना न केवल परमाणु बम के हमले से बचे लोगों की इच्छा है लेकिन इस ग्रह के बहुसंख्य लोगों और राष्ट्रों की इच्छा है। उन्होंने अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की सराहना कि जिन्होंने अनेक अवसरों पर परमाणु हथियारों से मुक्त विश्व बनाने पर बल दिया है। ज्ञात हो कि 64 वर्ष पूर्व मानव इतिहास में प्रथम परमाणु बम का हमला हुआ था जिसमें लगभग 1 लाख 40 हजार लोग मारे गये थे तथा सम्पूर्ण हिरोशिमा नगर नष्ट हो गया था। 6 अगस्त 1945 को जापान के स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर हिरोशिमा नगर में परमाणु बम गिराया गया था। जिस इमारत की गुम्बज पर बम गिराया गया था उसे हिरोशिमा शांति स्मारक के रूप में सुरक्षित रखा गया है। इस इमारत के सामने उपस्थित लोगों ने मौन रहकर बम से निकली गर्मी की लहर से जलकर मरनेवालों तथा विकिरण के कारण बाद के महीनों में मरनेवालो की स्मृति में प्रार्थना अर्पित किया। जापान के प्रधानमंत्री तारो असो ने कहा कि शांति स्थापना के लिए तथा परमाणु हथियारों को समाप्त करने में जापान अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रथम पंक्ति में होगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.