2009-07-01 11:48:11

वाटिकन सिटीः रेल, विमान दुर्घटना पर सन्त पापा का शोक


इटली में रेलदुर्घटना तथा हिन्द महासागर में विमान दुर्घटना पर सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने गहन शोक व्यक्त किया है।
उत्तरी इटली के वियारेज्यो में सोमवार रात्रि एक रेलगाड़ी के पटरी पर से उतर जाने से 12 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई थी। रेलगाड़ी से हुए विस्फोट के कारण आस पड़ोस के घरों में आग लग गई तथा कई घर ध्वस्त हो गये। 12 व्यक्तियों की मृत्यु के साथ साथ 50 अन्य व्यक्ति घायल हो गये।
सन्त पापा की ओर से वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने ने वियारेज्यो के लोगों के नाम एक शोक सन्देश प्रेषित किया। सन्देश में उन्होंने सम्पूर्ण शहर के लोगों के प्रति गहन सहानुभूति का प्रदर्शन किया तथा मृतकों की चिर शांति तथा घायलों के स्वास्थ्य लाभ हेतु अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दिया।
इस बीच कार्डिनल बेरतोने ने कुवैत स्थित प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष एल आखेम तथा यमन एवं अनेक अरबी देशों को एक अन्य टेलेग्राम प्रेषित कर यमन की विमान दुर्घटना के लिये शोक व्यक्त किया जिसमें 153 यात्रियों की मृत्यु हो गई है।
अफ्रीका एवं मडागास्कर के बीच स्थित कोमोरोस के द्वीपों में विमान उतरनेवाला था किन्तु इससे कुछ मिनटों पूर्व वह हिन्द महासागर में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया तथा उसपर सवार सभी लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें अधिकांश फ्राँस के नागरिक थे जो पेरिस से यमन होकर कोमोरोस द्वीप जा रहे थे।
सन्त पापा ने अपने सदेश में मृतकों के परिवारों के प्रति गहन सहानुभूति का प्रदर्शन किया तथा मृत आत्माओं को प्रभु की करूणा के सिपुर्द किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.