2009-05-18 13:00:54

मुम्बईः कार्डिनल ग्रेसियस के अनुसार अब निर्धनों एवं दलितों पर ध्यान देने का समय


मुम्बई के काथलिक धर्माधिपति कार्डिनल ऑसवल्ड ग्रेशियस ने भारतीय चुनाव परिणामों पर एशिया समाचार से बातचीत में कहा कि अब निर्धनों एवं दलितों पर ध्यान देने का समय आ गया है।

कार्डिनल ग्रेशियस ने कहा कि चुनाव परिणाम धार्मिक स्वतंत्रता की स्पष्ट विजय है तथा भारत तब ही विकास कर सकेगा जब देश के प्रत्येक नागरिक को संविधान में प्रत्याभूत धार्मिक स्वतंत्रता प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम यह दर्शाते हैं कि भारत के आम नागरिक के अन्तर में एक दिल है जो सभी धर्मों का सम्मान करता तथा सबके साथ शांति एवं मैत्री में जीवन यापन की खोज में लगा रहता है।

कार्डिनल महोदय ने इस बात पर सन्तोष व्यक्त किया कि मतदान शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुए जिसमें लोगों ने महान ज़िम्मेदारी की भावना का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि काँग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत से वे खुश हैं किन्तु अब सरकार को लोगों से किये गये वादों को पूरा करने के प्रयास करने चाहिये।

उन्होंने कहा कि लोग अपेक्षा करते हैं कि नई सरकार समाज की मुख्यधारा में अल्पसंख्यकों, बहुसंख्यकों, आदिवासियों, दलितों तथा भारत के सभी वर्गों को शामिल करने के प्रति वचनबद्ध रहे। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम सरकार को नागरिकों की मूलभूत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा, महिलाओं, निर्धनों एवं लड़कियों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिये।








All the contents on this site are copyrighted ©.