2009-04-07 11:12:26

वाटिकन सिटीः वेसाख पर्व पर बौद्ध धर्मानुयायियों को वाटिकन की शुभकामनाएँ


वाटिकन ने सोमवार को सम्पूर्ण विश्व के बौद्ध धर्मानुयायियों के नाम एक सन्देश प्रकाशित कर वेसाख पर्व के उपलक्ष्य में हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति ने इस सन्देश की प्रकाशना की जिसमें ख्रीस्तीयों एवं बौद्ध धर्मानुयायियों के बीच मैत्री को सुदृढ़ करने तथा मानवोत्थान के लिये दोनों धर्मों की आध्यत्मिक धरोहरों के आदान के प्रदान की वचनबद्धता व्यक्त की गई है।

इस वर्ष, बौद्ध पर्व, वेसाख आठ अप्रैल को जापान एवं तायवान में, दो मई को कोरिया में तथा आठ मई को विश्व के अन्य देशों में बौद्ध धर्मानुयायियों द्वारा मनाया जा रहा है।

वाटिकन के वरिष्ठ कार्डिनल जाँ लूई तौराँ द्वारा हस्ताक्षरित उक्त सन्देश में आशा व्यक्त की गई है कि वेसाख का पर्व एक बार फिर विश्व के बौद्ध धर्मानुयायियों के हृदयों में खुशहाली एवं शांति को बहाल करे।

सन्देश में कहा गया कि वेसाख का पर्व काथलिक एवं बौद्ध दोनों धर्मों के लोगों को उनकी मैत्री को मज़बूत करने तथा अपने आनन्द, अपनी आशा एवं अपने आध्यत्मिक कोषों में एक दूसरे को भागीदार बनाने का अवसर प्रदान करता है।

सन्देश में इस बात पर बल दिया गया कि काथलिक एवं बौद्ध धर्मानुयायी एकसाथ मिलकर तथा अपनी अपनी धार्मिक एवं आध्यत्मिक परम्पराओं के प्रति सत्यनिष्ठ रहकर अपने निजी समुदायों और साथ ही विश्वव्यापी मानव समुदाय के हित में योगदान दे सकते हैं।









All the contents on this site are copyrighted ©.