2009-03-03 09:58:32

वाटिकन सिटीः वाटिकन की नई वार्षिकी प्रकाशित


वाटिकन ने शनिवार को सन् 2009 की परमधर्मपीठीय वार्षिकी प्रकाशित की। वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने तथा वाटिकन राज्य के सामान्य मामलों की देखरेख करनेवाले सचिव महाधर्माध्यक्ष फेरनानदो फिलोनी ने वाटिकन में आयोजित एक समारोह में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें को नई परमधर्मपीठीय वार्षिकी अर्पित की।

नई वार्षिकी के अनुसार विश्व की जनसंख्या के साथ साथ सम्पूर्ण विश्व में काथलिक धर्मानुयायियों का संख्या में भी वृद्धि हुई है। प्रकाशित आँकड़ों के अनुसार सन् 2006-2007 में विश्व में काथलिक धर्मानुयायियों की संख्या 1.131 अरब से 1.147 तक पहुँच गई अर्थात विश्व की कुल जनसंख्या में काथलिक धर्मानुयायी 17.3 प्रतिशत हैं।

पौरोहित्य बुलाहटों में जहाँ एक ओर यूरोप में कमी देखी गई वहीं एशिया तथा अफ्रीका में वृद्धि देखी गई। एशिया तथा अफ्रीका में 20 प्रतिशत वृद्धि देखी गई तो यूरोप, अमरीका तथा ओसियाना में 6.8 प्रतिशत पौरोहित्य बुलाहटों में कमी आई।

परमधर्मपीठीय वार्षिकी के अनुसार धर्माध्यक्षों की संख्या में एक प्रतिशत की वृद्धि हुई जो 4,898 से 4,946 हो गये। 70 प्रतिशत धर्माध्यक्ष अमरीका तथा यूरोप के हैं।

परमधर्मपीठीय वार्षिकी सन् 1912 से प्रतिवर्ष प्रकाशित होती रही है। इसका संकलन वाटिकन सच्चिवालय के सामान्य मामलों सम्बन्धी विभाग द्वारा किया जाता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.