2009-03-03 10:01:51

भारत ने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों पर हुए हमले की निन्दा की


पाकिस्तान के लाहौर शहर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निन्दा की है।
भारत के गृह मंत्री पी चिदंबरम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे इस हमले की कड़े शब्दों में निन्दा करते हैं। हमले में घायल श्री लंका के खिलाड़ियों पर उन्होंने गहन एकात्मता का प्रदर्शन किया तथा उनके तुरन्त स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि इस आक्रमण से भारत को गहरा धक्का लगा है।
ग़ौरतलब है कि इस खेल के लिये पहले भारतीय टीम को लाहौर जाना था किन्तु बाद में सुरक्षा सम्बन्धी चिन्ताओं को लेकर ही भारतीय सरकार ने खिलाड़ियों की पाकिस्तान यात्रा पर रोक लगा दी थी। भारतीय टीम के इनकार के बाद ही श्री लंका की टीम ने लाहौर जाने का निर्णय लिया था।
केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने इसे एक चौंकाने वाली घटना बताया। उनका कहना थाः "बहुत विचार विमर्श के बाद हमनें भारत की टीम को न भेजने का फ़ैसला लिया था क्योंकि कुछ समय से पाकिस्तान के आतंकवादी गुट क्रमबद्ध ढंग से पाकिस्तानी प्रशासन को चुनौती देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान न भेजना एक कठिन निर्णय था तथापि खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनज़र यह फ़ैसला ज़रूरी था।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी और राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने भी लाहौर में श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर हुई गोलीबारी की कड़ी निंदा की तथा इसकी तुरंत जाँच का आदेश दिया। उनके अनुसार यह हमला पाकिस्तान प्रशासन को बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया था।
इस बीच, नेपाल की यात्रा पर गए श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने एक संदेश में इस हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण कृत्य निरूपित किया। उन्होंने कहा कि श्रीलंका के ख़िलाड़ी पाकिस्तान में सदभावना के दूत बनकर गए थे तथा उनपर हमला करना वास्तव में कायरतापूर्ण कृत्य है।








All the contents on this site are copyrighted ©.