2009-02-23 13:27:05

मुंबई की झुग्गियों की पृष्ठभूमि पर बनी ' स्लमडॉग मिलियनेयर ' आठ ऑस्कर


लोस एंजेलेस, 23फरवरी, 2009 । मुंबई की झुग्गियों की पृष्ठभूमि पर बनी ' स्लमडॉग मिलियनेयर ' 81 वें ऑस्कर समारोहों में छा गयी है। इसे सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म और निर्देशन समेत कुल आठ ऑस्कर मिले हैं।
स्लमडॉग मिलियनेयर को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म चुना गया है। निर्देशक डैनी बॉयल को इस फ़िल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया।
भारतीय संगीतकार अल्लारक्खा रहमान को स्लमडॉग मिलियनेयर के संगीत और गीत ' जय हो ' के लिए दो ऑस्कर मिले।

रहमान को सर्वश्रेष्ठ संगीत और सर्वश्रेष्ठ गीत ' जय हो ' के लिए यह अवार्ड दिया गया। रहमान ने इस फ़िल्म का लोकप्रिय गीत जय हो गुलज़ार के साथ लिखा था।

रहमान ने अवार्ड लेने के बाद कहा कि यह अवार्ड मुंबई के लोगों के लिए है और इस फ़िल्म की मूल भावना समर्पित है जो ' उम्मीद ' या ' आशा ' है।

मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी फ़िल्म स्लमडॉग मिलियनेयर को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म, निर्देशक, सर्वश्रेष्ठसंगीत, गीत, फ़िल्म संपादन, साउंड मिक्सिंग, रुपांतरित स्क्रीनप्ले और सिनेमाटोग्राफ़ी के लिए आठ ऑस्कर मिले।
इससे पहले डॉक्यूमेंट्री वर्ग में उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर की पिंकी की कहानी पर बनी स्माईल पिंकी को भी ऑस्कर मिला है। यह डॉकयूमेंट्री मिर्ज़ापुर की रहने वाली पिंकी पर आधारित थी जिसके होंठ कटे हुए थे जिन्हें ऑपरेशन के बाद ठीक किया गया.







 
 

ज्ञात हो कि भारत के मुंबई शहर पर बनी फ़िल्म स्लमडॉग मिलियनेयर को इस बार दस वर्गों में नामांकन मिला था जिसमें से फ़िल्म को आठ ऑस्कर मिले।
इससे पहले स्लमडॉग को बाफ्टा और गोल्डन ग्लोब सहित कई और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।
स्लमडॉग मिलियनेयर के निर्देशक डैनी बॉयल फ़िल्म के कई कलाकारों के साथ कोडेक थिएटर में पहुंचे थे. इनमें मुंबई की झुग्गियों में रहने वाले वो दो बच्चे भी हैं जिन्होंने इस फ़िल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं.










All the contents on this site are copyrighted ©.