2009-02-13 16:05:41

जंगल की आग के शिकार हुए लोगों के प्रति सिडनी महाधर्मप्रांत की सहदयता


आस्ट्रेलिया में सिडनी के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल जोर्ज पेल ने विक्टोरिया प्रांत में जंगल में लगी भयानक आग के शिकार हुए लोगों के प्रति सहदयता प्रकट की है। मृतकों की संख्या 200 से अधिक होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। अनेक लोग लापता हैं तथा हजारों लोग बेघर हो गये हैं। सोमवार को जारी एक वक्तव्य में कार्डिनल पेल ने कहा कि सिडनी के काथलिक समुदाय की और से वे उन सबके प्रति गहन सहानुभूति प्रकट करते हैं जिन्होंने विनाशकारी आग के कारण अपने परिजनों, मित्रों और प्रियजनों को खो दिया है। कार्डिनल पेल ने कहा कि मृतकों और प्रभावितों के लिए प्रार्थना अर्पित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि मेलबोर्न के महाधर्माध्यक्ष डेनिस हार्ट की विशेष अपील पर आग से प्रभावित हुए लोगों की सहायता और पुर्ननिर्माण कार्यों के लिए सिडनी महाधर्मप्रांत 50 हजार डालर दान देगा। उन्होंने पल्लीवासियों से सहयोग करने की अपील की है। कार्डिनल पेल ने अग्निशमन कर्मचारियों, पुलिस, आकस्मिक सेवाकर्मियों तथा स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके लिए प्रार्थना अर्पित किया है। उन्होंने पुरोहितों, मेषपालों और पल्ली समुदायों को धन्यवाद दिया जो पीड़ितों को परामर्शीय चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.