2009-02-11 12:44:03

वाटिकन सिटीः फादर मासकारेनस सिमला चँडीगढ़ के धर्माध्यक्ष और फादर कन्डुलना राँची के सहयोगी धर्माध्यक्ष नियुक्त


सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने देहली महाधर्मप्रान्त के पुरोहित फादर इग्नेशियस मासकारेनस को सिमला चँडीगढ़ धर्मप्रान्त के तथा राँची के पुरोहित फादर बिनय कन्डुलना को राँची महाधर्मप्रान्त का सहयोगी धर्माध्यक्ष नियुक्त किया है।

नवनियुक्त धर्माध्यक्ष इग्नेशियस मासकारेनस का जन्म दिल्ली में तीन जून सन् 1949 ई. को हुआ था। दिल्ली और राजस्थान में अपनी विद्यालयीन शिक्षा प्राप्त करने के बाद आपने मुम्बई के गोरेगाँव स्थित काथलिक गुरुकुल तथा देहली के काथलिक गुरुकुल विद्याज्योति से दर्शन एवं ईशशास्त्र का अध्ययन किया। सन् 1977 में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। अपने पुरोहिताभिषेक के बाद आप से देहली महाधर्मप्रान्त के विद्यालयों, पल्लियों एवं गुरुकुलों में उच्च पदों पर कार्य करते रहे हैं।
सिमला चँडीगढ़ धर्मप्रान्त की कुल आबादी दो करोड़ 1 लाख, 34 हज़ार 365 है जिनमें 13,800 काथलिक धर्मानुयायी हैं।

राँची महाधर्मप्रान्त के लिये नवनियुक्त सहयोगी धर्माध्यक्ष बिनय कन्डुलना का जन्म राँची महाधर्मप्रान्त के गोण्डरा में तीन जून सन् 1964 ई. को हुआ था। राँची के सन्त अलबर्ट गुरुकल में आपने दर्शन एवं ईशशास्त्र का अध्ययन किया तथा 23 अप्रैल 1994 को पुरोहित अभिषिक्त किये गये। सन् 1994 से 1997 तक आप राँची धर्मप्रान्त के एक विद्यालय में प्राचार्य रहे। तदोपरान्त सन् 1997 से 2001 तक आप रोम में रहे जहाँ आपने रोम के अरबन परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय से कलीसियाई विधान में डॉक्टरेड की उपाधि प्राप्त की। सन् 2004 से आप नई दिल्ली स्थित परमधर्मपीठीय राजदूतावास में कार्य करते रहे हैं।

रांची महाधर्मप्रान्त की कुल आबादी 29 लाख 93 हज़ार है जिनमें एक लाख 16 हज़ार 758 काथलिक धर्मानुयायी हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.