2008-12-19 16:58:44

वाटिकन श्रम कार्य़ालय के अधिकारियों के लिए संत पापा का संदेश


संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने वाटिकन श्रम कार्यालय के लगभग 30 अधिकारियों और कर्मचारियों को 19 दिसम्बर को सम्बोधित कर उन्हें क्रिसमस की शुभकामनाएँ दीं। यह श्रम कार्यालय वाटिकन और इसके कर्मचारियों के साथ श्रम संबंध की निगरानी तथा श्रम संबंधी मुददों का निपटारा करता है। संत पापा जोन पौल द्वितीय ने वाटिकन श्रम कार्य़ालय की स्थापना सन 1989 में की थी। कार्डिनल फ्रांचेस्को मारकिसानो के नेतृत्व में आये श्रम कार्य़ालय के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए संत पापा ने कहा कि यह क्रिसमस उन लोगों को समर्पित है जो मानवजाति को प्रभावित कर रहे रोजगार संकट से प्रभावित हैं। संत पापा ने कहा कि जो लोग काम कर रहे हैं वे ईश्वर को धन्यवाद दें तथा अपने दिल को उनलोगों के लिए खोलें जो बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने संत पापा जोन पौल द्वितीय के कथन की पुनः पुष्टि की कि कार्य़स्थल में प्रत्येक कर्मचारी की प्रतिष्ठा का सम्मान किया जाये और उनके सामाजिक आर्थिक विकास की रक्षा की जाये। संत पापा ने इस बात पर भी बल दिया कि प्रत्येक कर्मचारी अपने कर्तव्य को निष्ठापूर्वक करें ताकि जो सेवा वे उपलब्ध कराते हैं उसमें सतत सुधार हो। वाटिकन कार्यबल जिसमें धर्माध्यक्ष, धर्मसमाजी और लोकधर्मी स्त्री पुरूष शामिल हैं उनकी निष्ठा और समर्पण के लिए धन्यवाद देते हुए संत पापा ने उन्हें स्मरण कराया कि वे एक परिवार के अंग हैं जिसमें सदस्य एक सामान्य लक्ष्य के कारण एक दूसरे से जुड़े हैं अर्थात् प्रेरित संत पेत्रुस के उत्तराधिकारी को अपने मिशन को पूरा करने में वे सहायता करें। उन्होंने कहा कि वाटिकन के कर्मचारियों के लिए यह अपरिहार्य़ है कि वे एक सामान्य प्रयास करें और उनमें कलीसिया के प्रति सच्चा प्रेम हो। प्रत्येक कर्मचारी का पेशेवर कार्य़ एक बुलाहट है जिसकी उन्हें निरंतर देखरेख करनी चाहिए।







All the contents on this site are copyrighted ©.