2008-12-16 15:58:18

क्रिसमस शांति और मुक्ति का सुसमाचार है


वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने ने रोम में बच्चों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध करानेवाले प्रमुख अस्पताल बामबिनो जेसु का 16 दिसम्बर को दौरा किया। उन्होंने अस्पताल के अध्यक्ष, प्रशासनाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सों और कर्मचारियों को क्रिसमस के उपलक्ष्य में संत पापा की शुभकामनाएँ दीं। कार्डिनल बेरतोने ने कहा कि क्रिसमस न केवल उपहारों के आदान प्रदान और विद्युत बत्तियों से प्रकाशित करने बल्कि मानव की मुक्ति के लिए ईशपुत्र येसु ख्रीस्त द्वारा देहधारण करने के केन्द्रीय संदेश की याद को नवीकृत करने का पर्व है। अनेक विरोधाभास के बीच क्रिसमस शांति और मुक्ति का सुसमाचार है। ईश्वर का प्रेम हमारे बीच शांति उत्पन्न कर हमें शांति का साधन बनाता है। क्रिसमस का आध्यात्मिक माहौल परिवार के सदस्यों के एकसाथ आने के अनुभव को गहन बनाता है। चिकित्सकों, नर्सों और अन्य सेवा कर्मियों की उनका पेशेवर सेवा के लिए धन्यवाद देते हुए कार्डिनल बेरतोने ने उन्हें मानवता, सहानुभूति, मैत्री और प्रेम भाव में उदार निष्ठापूर्वक सेवा कार्यों को करते रहने के लिए प्रोत्साहन प्रदान किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.