2008-12-08 13:19:53

वाटिकन सिटीः ब्राज़ील के बाढ़ पीड़ितों के लिये सन्त पापा की प्रार्थना


ब्राज़ील में घनघोर वर्षा के बाद आई बाढ़ एवं भारी भूस्खलन से पीड़ित लोगों के लिये सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने विशेष प्रार्थनाएं अर्पित की।

रोम में रविवार को एकत्र हज़ारों तीर्थयात्रियों के साथ देवदूत प्रार्थना का पाठ करने के बाद सन्त पापा ने सान्ता काथरीना राज्य में विगत दिनों के प्राकृतिक प्रकोप तथा इसके परिणाम स्वरूप मारे गये एवं बेघर हुए लोगों के प्रति गहन संवेदना का प्रदर्शन किया।

विगत सप्ताह ब्राज़ील के सान्ता काथरीना राज्य में हुई घनघोर वर्षा तथा उसके बाद आई भीषण बाढ़ से कम से कम 4,000 जगहों पर भूस्खलन हुआ। अब तक 122 व्यक्तियों के मरने पुष्टि हो चुकी है, हज़ारों बेघर हो गये हैं तथा लगभग 15 लाख लोगों को अपने घरों से अन्यत्र जाने के लिये कहा गया है।

सन्त पापा ने कहाः........ "इन सबके लिये मैं प्रभु ईश्वर के संऱक्षण का आव्हान करता हूँ ताकि प्रभु गहन संत्रास की इस घड़ी में बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित लोगों को सहायता देनेवाले ब्राज़ील के लोगों और साथ ही राष्ट्रीय एवं विदेशी अधिकारियों को उनके नेक कार्यों के लिये पुरस्कृत करें।"

मृत व्यक्तियों को सन्त पापा ने दैवीय करूणा के सिपुर्द किया तथा आशा व्यक्त की कि इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोग उपयुक्त सहायता प्राप्त कर शीघ्रातिशीघ्र सामान्य जीवन यापन का अवसर पा सकेंगे। अपनी प्रार्थनाओं में पीड़ितों के निकट रहने का सन्त पापा ने आश्वासन दिया।

ग़ौरतलब है कि ब्राज़ील के सान्ता काथरीना राज्य में इस समय मार्गों के अवरुद्ध हो जाने के कारण राहत सामग्री पहुँचाना दूभर हो रहा है, केवल हेलीकॉप्टरों के माध्यम से सामान पहुँचाया जा रहा है। खाद्य एवं पेयजल की नितान्त कमी है तथा हैज़ा एवं अतिसार जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका है।











All the contents on this site are copyrighted ©.