2008-10-22 12:42:49

काबुलः राहतकर्मी की हत्या से अफ़गान ख्रीस्तीय चिन्तित


अफ़गानिस्तान में सर्व अफ़गानिस्तान नामक लोकोपकारी संगठन की राहत कर्मी गेल विलियम्स की हत्या से यहाँ के ख्रीस्तीय एवं विभिन्न लोकोपकारी संगटनों के कार्यकर्त्ता स्तब्ध एवं चिन्तित हैं। 20 अक्तूबर को काबूल में विलियम्स की हत्या उस समय कर दी गई थी जब वे काम पर जा रही थीं। तालेबान लड़ाका दल ने हत्या की ज़िम्मेदारी ली है और दावा किया है कि विलियम्स अफ़गानिस्तान में ख्रीस्तीय धर्म के प्रचार हेतु काम कर रही थीं।

सर्व अफ़गानिस्तान ब्रिटेन स्थित एक ख्रीस्तीय लोकोपकारी संगठन है जो अफ़गानिस्तान में सोवियत अधिकरण के समय से युद्ध पीड़ितों को राहत पहुँचाने तथा विकलांग एवं वयोवृद्धों के कल्याण के लिये काम कर रहा है। 34 वर्षीया विलियम्स विगत कई वर्षों से अफ़गानिस्तान में सेवारत हैं। कन्धार तथा काबुल में विकलांग बच्चों की वे सेवा करती रही थीं।

विगत कई वर्षों से अफ़गानिस्तान में धर्म के नाम पर अनेक हत्याएँ हुई हैं। कुछ वर्षों पूर्व फ्रान्स की एक महिला कार्यकर्ता की हत्या सिर्फ इसलिये की गई थी कि वह ख्रीस्तीय धर्मानुयायी थी। विगत वर्ष भी दक्षिण कोरिया के 23 प्रेसबिटेरियन ख्रीस्तीयों का अपहरण कर लिया गया था तथा सरकार की मदद से हुई उनकी रिहाई से पूर्व दो ख्रीस्तीयों को मार डाला गया था।

अफ़गानिस्तान की सामान्य जनता ख्रीस्तीय कार्यकर्त्ताओं के कार्यों को समर्थन देती है किन्तु तालेबान जैसे रूढ़ीवादी मुसलमान अपनी सत्ता को मज़बूत करने के लिये ख्रीस्तीयों को निशाना बनाते हैं।










All the contents on this site are copyrighted ©.