2008-10-20 13:08:44

कंधमाल में अज्ञात लोगों ने हमला करके 2 घरों को आग लगा दी।






कंधमाल में अज्ञात लोगों ने हमला करके 2 घरों को आग लगा दी। रविवार को ही हुई एक दूसरी घटना में एक शख्स को गोली मार कर घायल कर दिया गया।  एसपी प्रवीण कुमार के मुताबिक, करीब 6 लोगों ने मनोज प्रधान के मकान पर हमला बोल कर उनकी टांग में गोली मार दी। प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है।  एक दूसरी घटना में उदयगिरी पुलिस थाने के तहत कुरमिनगिया में 2 घरों को आग लगा दी गई है।  

जिले के डीएम और एसपी ने इसे कुछ असामाजिक तत्वों की हरकत बताया है। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि यह सांप्रदायिक हिंसा है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि जिले में हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। इसे देखते हुए अधिकांश जगहों पर केवल रात का कर्फ्यू लगा हुआ है।

एक दूसरे महत्वपूर्ण घटनाक्रम में कंधमाल के आदिवासियों ने पुलिस पर मानव अधिकारों के हनन और उत्पीड़न का आरोप लगाया।

उन्होंने राज्य मानव अधिकार आयोग से इसमें हस्तक्षेप कर दोषियों को सजा दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया है।










All the contents on this site are copyrighted ©.