2008-08-22 13:15:45

पुलिस पाबन्दी को चुनौती देते हुए चीनी काथलिकों ने अपने धर्माध्यक्ष के नेतृत्व में ख्रीस्तयाग में भाग लिया


इस बीच, चीन के हेबेई प्रान्त के वुकुई नगर में एक हज़ार से अधिक भूमिगत काथलिकों ने पुलिस की पाबन्दी की परवाह न करते हुए,15 अगस्त को मरियम के स्वर्गोत्थान महापर्व के उपलक्ष्य में, अपने धर्माध्यक्ष जूलियस जिया द्वारा अर्पित ख्रीस्तयाग में भाग लिया।

धर्माध्यक्ष जूलियस जिया अप्रैल माह से अपने घर में ही नज़रबन्द हैं तथा उनपर 24 घण्टे पुलिस का पहरा रहता है। सूत्रों ने एशिया समाचार को बताया कि धर्माध्यक्ष जिया को अलग रखा जा रहा है तथा पुरोहितों एवं गुरुकुल छात्रों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जाती है। हेबेई के भूमिगत झेंगडिंग धर्मप्रान्त का कार्यभार धर्माध्यक्ष जिया सम्भाल रहे हैं जहाँ एक लाख दस हज़ार काथलिक, 80 पुरोहित तथा 90 से अधिक धर्मबहनें हैं।

ओलोम्पिक खेलों के समय वुकुई में किसी भी प्रकार के धर्मविधिक समारोहों के सम्पादन पर निषेध लगा दिया गया था तथा अनेक धर्माध्यक्षों एवं पुरोहितों को उनके ही घर में नज़रबनद कर दिया गया था।

15 अगस्त को एक हज़ार से अधिक काथलिक,मरियम महापर्व मनाने के लिये, वुकुई के गिरजाघर पहुँचे। पुलिस ने भक्तों को गिरजाघर में प्रवेश नहीं दिया किन्तु प्रँगण में खड़े रहने पर भी कोई आपत्ति नहीं की। गिरजाघर की बगल में ही धर्माध्यक्ष का निवास है जिन्होंने अपने झरोखे से ख्रीस्तयाग अर्पित किया।

स्मरण रहे कि चीन में केवल सरकार समर्थित देशभक्त कलीसिया के माध्यम से ही धर्मपालन किया जा सकता है। गुप्त रूप से धर्मपालन करनेवालों को नाना प्रकार उत्पीड़ित किया जाता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.