2008-07-23 13:21:20

नेल्सन मंडेला ' महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय सामंजस्य और शांति पुरस्कार 2008' से सम्मानित



दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला को ' महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय सामंजस्य और शांति पुरस्कार 2008' से सम्मानित किया गया है।

शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर में सम्पन्न पुरस्कार समारोह में 90 वर्षीय मंडेला उपस्थित नहीं थे किन्तु उनके स्थान पर कारावास में उनके साथी और राजनीतिक सलाहकार अहमद कथरादा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। डरबन के महात्मा गांधी विकास न्यास एवं सत्याग्रह संगठन ने सन् 2003 में इस पुरस्कार की स्थापना की थी।

कथरादा ने मंडेला की ओर से कहा कि मंडेला यह पुरस्कार पाकर प्रसन्न हैं, क्योंकि गांधीजी के कार्यों, उनके जीवन सिद्धान्तों तथा उनकी शिक्षाओं से नेल्सन मन्डेला अत्यधिक प्रभावित हैं।

उक्त पुरस्कार दिवंगत वाल्टर सिसुलु की पत्नी अलबर्टीना सिसुलु तथा मानवाधिकारों की रक्षा करनेवाले कुछ अन्य लोगों सहित डरबन के दिवंगत कैथोलिक महाधर्माध्यक्ष डेनिस हार्ले को भी दिया गया।








All the contents on this site are copyrighted ©.