2008-07-09 12:55:44

कास्तेल गोनदोलफोः वोचे फोकोलारे लोकधर्मी संगठन की नवाध्यक्षा नियुक्त


रोम स्थित फोकोलारे लोकधर्मी संगठन ने संस्थापक कियारा लूबिक की निकट सहयोगी मरिया वोचे को संगठन का नवाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस वर्ष मार्च माह में संस्थापक कियारा लूबिक का निधन हो गया था। रोम शहर के परिसर में कास्तेल गोनदोल्फो स्थित फोकोलारे लोकधर्मी संगठन के मुख्यालय में विश्व के पाँचों महाद्वीपों से, संगठन की महासभा के लिये, एकत्र लगभग 500 सदस्यों ने सर्वसम्मति से मरिया वोचे के पक्ष में मतदान किया। महासभा के सदस्यों ने फादर जोन कारलो फालेत्ती को भी संगठन का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया है। सात जुलाई को जारी एक वकतव्य में संगठन ने कहा कि मरिया वोचे ने ईश शास्त्र एवं कलीसियाई विधान में स्नातक की उपाधियाँ प्राप्त की हैं तथा ख्रीस्तीय एकतावर्धक एवं अन्तरधार्मिक वार्ताओं के क्षेत्र में भी वे अनुभवी हैं। इटली में जन्मी मरिया वोचे ने सन् 1959 ई. में फोकोलारे संगठन से अपना सम्बन्ध जोड़ा था तथा सन् 1964 से वे फोकोलारे समुदाय की सदस्या बन गई थीं। सन् 1978 से सन् 1988 तक वे तुर्की में थीं जहाँ उन्होंने कुस्तुनतनिया के ओरथोडोक्स प्राधिधर्माध्यक्ष, अन्य ख्रीस्तीय कलीसियाओं तथा मुसलमान धर्मानुयायियों के साथ मिलकर काम किया था। 67 वर्षीय फादर फालेत्ती के पास अर्थ शास्त्र में स्नातक की उपाधि है तथा रोम एवं जेनोवा में वे कई वर्षों तक फोकोलारे संगठन के अध्यक्ष रहें हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.