2008-03-22 20:41:43

पास्का रविवार के लिये मनन चिन्तन


श्रोताओ, आज विश्व के तमाम गिरजाघरों में येसु के पुनरूत्थान की पूजनविधि के साथ ही पास्का का पर्व आरम्भ हो गया है। लोग इसे ईस्टर के नाम से भी जानते हैं। गिरजाघरों के घंटे की आवाज़ आज सिर्फ एक ही संदेशा बिखेर रही है कि ईसा मसीह जीवित हैं। ईसा मसीह अपने बोले अनुसार तीसरे दिन महिमा के साथ जी उठे हैं। ईसा मसीह ने पाप और मृत्यु पर विजय प्राप्त कर ली है। सच्चाई, भलाई और अच्छाई की जीत हुई है। आप जिधर भी कान लगाकर सुनें अगर आपने येसु के कलवारी के मार्ग मे करीबी से साथ दिया है तो आप घंटे की आवाज़ में, पंक्षी के कलरव में और भीनी भीनी खुशबुदार वायू में बस यही विजय गीत सुन पायेंगे। प्रभु जी उठे हैं। अल्लेलूईया अल्लेलूईया अल्लेलूईया दुनिया के लोगो खुशी मनाओ। तुम्हारे प्रभु जी उठे हैं।प्रभु के जी उठने की खुशी को सुरों में बाँधा है ईस्टर के लिये ख़ास तौर से बनायी इस गीत ने ।
गीत - मृत्यु के बन्धन तोड़ प्रभु जी उठे हैं...

श्रोताओ मुझे याद है वह मार्च का महीना था पास्का का पर्व निकट था। तब मैं हाई स्कूल में था तब मेरे धर्म क्लास की टीचर ने मुझसे पूछा था कि ख्रीस्तीयों का सबसे बड़ा त्योहार कौन सा है। और मैने तपाक से उत्तर दिया था येसु का जन्म पर्व। तब मेरे आत्म विश्वास को देख कर उन्होंने हमसे ही फिर सवाल किया कि जन्म पर्व ईसाईयों का सबसे बड़ा त्योहार क्यों है। मैंने जवाब दिया । जन्म पर्व ईसाईयों का सबसे बड़ा पर्व इसलिये है क्यकि इसी दिन ईसाई धर्म के संस्थापक येसु मसीह का जन्म हुआ था। और इसी दिन पूरी दुनिया के लोग पर्व मनाते हैं न केवल ख्रीस्तीय पर जो ख्रीस्तीय न भी हों पर सभी इस त्योहार में सरीक होते हैं यह एक सामाजिक पर्व बन गया है।
मैं अति प्रसन्न और संतुष्ट था यह सोचकर कि मैंने सही जवाव दिया। मै कुछ और बोलना चाहता था पर टीचर ने एक दूसरे साथी से जिसका नाम पास्कल था यही सवाल किया कि ईसाईयों का सबसे बड़ा त्योहार कौन-सा है।और उसका जवाब मुझसे भिन्न था। उसने कहा था ईसाईयों का सबसे बड़ा पर्व है पास्का पर्व। टीचर ने उसे भी पूछा कि क्यों तुम सोचते हो कि पास्का पर्व ईसाईयों का सबसे बड़ा त्योहार है। मेरे उस साथी ने कहा पास्का पर्व ईसाईयों का सबसे बड़ा पर्व है क्योंकि इसी पास्का पर्व के कारण ईसाई धर्म एक धर्म के रूप में मान्यता प्राप्त किया। टीचर ने कहा उसने समझा नहीं। तब मेरे दोस्त ने बताया कि जन्म पर्व में तो ईसा का जन्म हुआ और उसे उसके अच्छे कार्यों के बावजूद उसे दुःख दिया गया और उसे यहूदियों ने सूली पर लटका दिया गया और इसके बाद पास्का के समय जो घटना घटी वह अद्वितीय थी । इतना सुनते सुनते पूरे क्लास के छात्रों के कान खड़े हो गये थे। मेरे उस मित्र ने जो जिसके पिताजी गाँव में धर्म शिक्षक थे कहा कि येसु मारे जाने के बाद तीसरे दिन जी उठे और उसके शिष्यों ने उसे देखा और फिर येसु का प्रचार-प्रसार करने कि लिये निकल पड़े और इस प्रकार ईसाई धर्म पूरी दुनिया में फैल गया। ईसा का जीवन समाप् नहीं हुअ पर वे सदा सदा के लिये अमर हो गये। तब टीचर ने मेरे उस मित्र की शाबाशी देते हुए कहा था कि शाबाश पास्कल तुम्हारा जवाब बिल्कुल सही है। पास्का पर्व में धूम-धड़ाका और खुशियों का इज़ाहार जन्म पर्व से जरा कम होता है पर ईसाईयों का सबसे बडा पर्व है पास्का पर्व। येसु ने जैसा कहा वैसा ही दुःख उठाया मारा गया सलीब पर ठोंका गया और तीसरे दिन जी भी उठे।
गीत - जो सलीब
श्रोताओ, आज हम लोग पूजन विधि पंचांग के पास्का पर्व के लिये प्रस्तावित पाठों के आधार पर मनन चिन्तन कर रहें हैं। आज के पाठ हमें बताएँगे कि सत्य के लिये जीने वाले सत्य के लिये कार्य करने वाले लोगों की भलाई और दुनिया की अच्छाई के लिये अपना जीवन अर्पित करने वाले मरते नहीं हैं पर वे सिर्फ इस दुनिया से चले जाते हैं और ईश्वर उन्हें अनन्त जीवन प्रदान करता है। ईसा मसीह का जीवनकाल अल्प रहा पर उनके जीवन का प्रभाव युगानुयुग तक बना रहेगा। इसीलिये क्योंकि उन्होंने सत्य के लिये कार्य किया प्रेम का मार्ग दिखाया और दुनिया को सुन्दर और बेहतर बनाने के लिये दुःख को गले लगाया। श्रोताओ सच्चाई अच्छाई और भलाई की कमाई बेकार नहीं जाती है। और यही हुआ ईसा मसीह को। ईसा के ईश्वर ने जिसे ईसा मसीह पिता कह कर पुकारते थे मृत्यु के तीसरे दिन जीवित कर दिया। आईये हम उन अनेक घटनाओं में से एक का वर्णन सुनें जिससे लोग चकित तो हुए यह जानकर कि येसु की मृत्यु कोई साधारण मृत्यु नहीं थी पर इस ऐसी विस्मयकारी चमत्कारिक और ऐतिहासिक घटना से लोगों को जो ताकत मिली उससे पूरी दुनिया के लोगों का जीवन दुःख और मृत्यु और नया जीवन के संबंध में जो धारणायें थी उसे एक नयी दिशा मिली। और तब से ईसा मसीह के समान जीने उसके समान परहित में जीने और सत्य के लिये तकलीफ झेलने वालों की लम्बी कतार बनी जो न तो छोटा हुआ है न ही इसके समाप्त होने के कोई आसार दिखाई पड़ते हैं। आईये हम प्रभु के उस वचन पर मनन करें जिसे संत योहन के सुसमाचार के 20वें अध्याय से लिया गया है।
मरियम मगदलेना सप्ताह के प्रथम दिन तड़के मुँह अँधेरे ही कब्र के पास पहुँची । उसने देखा कि कब्र पर से पत्थर हटा दिया गया है।उसने सिमोन पेत्रुस तथा उस दूसरे शिष्य को जिसे ईसा प्यार करते थे दौड़ी हुई आकर कहा वे प्रभु को कब्र से उठा ले गये हैं और हमें पता नहीं है कि उन्होंने उनको कहाँ रखा है।
पेत्रुस और वह दूसरा शिष्य कब्र की ओर चल पड़े । वे दोनों साथ-साथ दौड़े । दूसरा शिष्य पेत्रुस को पिछेल कर पहले कब्र पर पहूँचा।उसने झुक कर यह देखा कि छालटी की पट्टियाँ पड़ी हुई हैं किन्तु वह भीतर नहीं गया। सिमोन पेत्रुस उसके पीछे-पीछे चल कर आया और कब्र के अन्दर गया। उसने देखा कि पट्टियाँ पड़ी हुई हैं और ईसा के सिर पर अँगोंछा बँधा था वह पट्टियों के साथ नहीं है बल्कि दुसरी जगह तह किया हुआ है।तब वह दूसरा शिष्य भी जी कब्र के पास पहले आया था भीतर गया। उसने देखा कि और विश्वास किया क्योंकि वे अब तक धर्मग्रंथ का लेख नहीं समझ पाये थे जिसके अनुसार उनका जी उठना अनिवार्य था।
श्रोताओ, आपने सुना सुसमाचार की बातों को येसु जिस कब्र में रखे गये थे वह शिष्यों के द्वारा खाली पाया गया। येसु कब्र में नहीं थे।येसु कब्र छोड़ चुके थे। येसु दुनिया के बन्धन को तोड़ चुके थे।येसु ने पाप और मृत्यु पर विजय प्राप्त की थी।येसु ने अपने बैरियों पर विजय पायी थी।
श्रोताओ,
येसु ने अपने जीवन को ऐसा जीया था
प्रेम दया क्षमा और सदभाव से सबको ऐसा सींचा था
कि बैरियों के भी दिल पिघल गये
कब्रों के पत्थर लुढ़क गये
चेलों के नयन खुल गये
भय और दहशत के दिन पूरे हुए
धर्मग्रंथ के शब्द अक्षरशः ऐसे पूरे हुए
कि बड़े तड़के
नासरेत के ईसा - क्रूसित येसु से जगत मसीहा बन गये।

श्रोताओ, कई बार हमने लोगों को कहते हुए सुना है कि सत्य इतनी सुखद है कि विश्वास नहीं होता है। जब येसु का मृतकों में से जी उठे तो सभी चेलों की एक ही मनोभावना थी।और वह थी आश्चर्य की कि प्रभु जी उठे हैं। काथलिक कलीसिया येसु के जी उठने को ईसा का पुनरूत्थान कहती है। येसु का पुनरूत्थान अर्थात् येसु और फिर कभी नहीं मरेंगे पर सदा-सदा तक वे राज्य करेंगे।

कभी-कभी मन हिचकिचाता है यह विश्वास करने से कि प्रभु जी उठे हैं।श्रोताओ कई बार तो मेरा मन भी इस सत्य को नहीं समझ पाता है कि मृ्त्यु के बाद प्रभु के शरीर को क्या हुआ। प्रभु कहाँ चले गये। क्या ईसा सचमुच जी उठे। जब मैं ऐसा सोचने लगता हूँ तो मैं सन्त पौलुस की उन पंक्तियों को याद करता हूँ जिसमें उसने बहुत ही विश्वास के साथ कहा है कि अगर ईसा मसीह जीवित नहीं हुए हैं तो मेरा विश्वास बेकार है मेरा सुसमाचार प्रचार करना बेकार है।

श्रोताओ, आज मैं काथलिक कलीसिया के एक महान लेखक संत अगुस्टीन की बातों की भी याद करता हूँ जिनका कहना था पहले तुम विश्वास करो तो तुम्हें खुद ही समझ में आ जायेगा। मैं अनुभव करता हूँ कि कई बार मैं अपने आप से कहता हूँ कि मैं पहले समझ लूँगा तब विश्वास करुँगा। श्रोताओ, अच्छी भली और आध्यात्मिक बातों को जब हम विश्वास करने के लिये लालायित हो जाते हैं तो हमें समझने की अन्तर्दृष्टि मिलती है और इस आन्तरिक ज्ञान से हमें नया जीवन मिलता है।

श्रोताओ, इसलिये ईसा का पुनरूत्थान को समझना ईश्वर की ओर से दिया गया एक अनुपम वरदान है जिसके गहरे अनुभव से हमारा जीवन बदल जाता है और हम इस धरा में ही अलौकिक सुख का अनुभव करने लगते हैं।
तो श्रोताओ फिर क्या है पास्का पर्व मेरे लिये और आपके लिये। मेरे लिये तो पास्का का पर्व सिर्फ एक त्योहार नहीं हैं जिस समय हम खाते-पीते खुशियाँ मनाते हैं। पर यह है ईश्वर की ओर से दिया गया एक सुनहला अवसर जब हम येसु की मृत्यु के द्वारा अपने जीवन का सही अर्थ समझते हैं। हम समझते हैं कि क्यों हम इस दुनिया में हैं।

मेरे लिये तो पास्का पर्व है खुद को यह याद दिलाना की कि येसु ने मेरे लिये अपना जीवन दिया और इस दुनिया में जीने और इसे मृत्यु के द्वार से पार होने के एक ऐसा रास्ता दिखाया जिसमें प्रवेश करने से मेरे जीवन का अन्त नहीं होता है पर मूझे एक ऐसा जीवन मिलता है जो सदा सदा के लिये जीवित रहता है।

श्रोताओ, पास्का पर्व मेरे लिये केवल तीन दिनों में येसु के दुःख दर्द पीड़ा और महिमामय विजय की घटना को सिर्फ याद कर लेने का त्योहार नहीं है। पास्का या ईस्टर तो है नये जीवन पाने का त्योहार, खुद को बदलने का त्योहार खुद के पापों कमजोरियों और झुकाओं पर विजयी होने का त्योहार और नये उत्साह और आशा से परहितमय और सेवामय जीने के लिये खुद को समर्पित करने का त्योहार जिससे हम जहाँ भी रहें या काम करें दुनिया को लगे कि जीवित येसु उनके साथ में हैं। और अगर हर व्यक्ति ऐसा सोचकर कि उसे खुदा के पास जाना है येसु में अमरत्व को प्राप्त करना है परहितमय और प्रेममय जीवन जीये तो मेरे हाईस्कूली दोस्त पास्कल का कथन सच हो जायेगा कि पास्का पर्व ईसाईयों का सबसे बड़ा त्योहार है जो जीवन को बदल डालता है।


श्रोताओ अभी हमने पास्का पर्व के सुसमाचार के वचनों के आधार पर मनन चिन्तन किया अब आईये आज के इस पुनीत एवं शुभ अवसर पर हम सुनें राँची महाधर्मप्रांत के महामहिम कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो का पास्का संदेश। कार्डिनल तेलेस्फोर ने पास्का पर्व को जीवन और आशा का पर्व कहा है।
गीतः जी उठे जी उठे
श्रोताओ पास्का पर्व या ईस्टर के शुभ अवसर पर मैं वाटिकन रेडियो हिन्दी विभाग की ओर से आपको, आपके परिवार को और देश-विदेश के हमारे तमाम श्रोताओं को पास्का पर्व की शुभकामनाएँ देता हूँ और विन्ती करता हूँ कि जीवित येसु ख्रीस्त आपको नया जीवन जीने का उत्साह और अच्छाई और भलाई करते हुए आशामय जीवन का आशीर्वाद प्रदान करे।











All the contents on this site are copyrighted ©.